राष्ट्रपति चुनाव: लखनऊ में यशवंत सिन्हा आज अखिलेश और सपा विधायकों से मिलेंगे
लखनऊ: राष्ट्रपति पद के विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा आज राजधानी लखनऊ में समर्थन जुटाएंगे। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देने समाजवादी पार्टी विधायकों के साथ औपचारिक मुलाकात कराने को लेकर अखिलेश यादव ने आज बैठक बुलाई है.
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में अखिलेश यादव ने आज शाम 5 बजे यशवंत सिन्हा के साथ सपा विधायकों की बैठक बुलाई है. इस बैठक में समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ निर्वाचित विधायकों के भी उपस्थित रहने की उम्मीद जताई जा रही है. सपा विधायकों के साथ राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी विधायकों के साथ भी यशवंत सिन्हा बात करके समर्थन जुटाएंगे.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और यशवंत सिन्हा आज शाम सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे. वहीं दूसरी तरफ एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू भी 8 जुलाई को लखनऊ आ सकती हैं और भाजपा विधायकों के साथ बैठक होगी. उसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं. शहर में कई जगहों पर प्रदेश सरकार की तरफ स्वागत की होर्डिंग्स लगाई गई हैं.