adevertisment Adevertiisment banner

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 13वां दिन, केरल के चेरत्तला से पदयात्रा शुरू

अलाप्पुझा: राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 13वें दिन मंगलवार को यहां चेरत्तला से पदयात्रा शुरू की. यात्रा की शुरुआत में सेंट माइकल्स कॉलेज में रामबूटन का पौधा लगाया गया. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पर्यावरण शाखा ‘शास्त्रवेदी’ ने इसका आयोजन किया.
यात्रा के सुबह के सत्र में करीब 14 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी, जो यहां कुथियाथोदु में समाप्त होगा. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा के दौरान 12 दिन में 255 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है.
आज रात शिविर कोच्चि जिले में रहेगा.’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन, पवन खेड़ा, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन और शनिमोल उस्मान समेत कई नेताओं ने सुबह गांधी के साथ यात्रा की. गांधी की झलक पाने के लिए राजमार्ग के किनारे बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों को इंतजार करते देखा गया. गांधी ने बीच-बीच में रुककर उनसे मुलाकात की.
कांग्रेस की 3,570 किलोमीटर लंबी और 150 दिनों तक चलने वाली पदयात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो जम्मू-कश्मीर में सम्पन्न होगी. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 10 सितंबर की शाम को केरल पहुंची थी और यह एक अक्टूबर को कर्नाटक पहुंचने से पहले 19 दिनों में केरल के सात जिलों से गुजरते हुए 450 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.

Related Articles

Back to top button