adevertisment Adevertiisment banner

सीएम योगी ने कहा- जिन जिलों में ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं, वहां मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी बनाएं

लखनऊ ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि कोविड पॉजिटिव मिलने वाले सैंपल की निरंतर जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाए। प्रदेश में ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण की नीति से ही कोविड पर नियंत्रण मिला है, इसे बनाए रखा जाए। वे रविवार को अपने सरकारी आवास पर टीम 9 की बैठक में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन कम से कम डेढ़ लाख कोविड टेस्ट किए जाएं। कोरोना संक्रमित 99 फीसदी लोग घर पर ही स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। जिन जिलों में अधिक संक्रमित मिल रहे हैं, वहां सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाए जाने की अनिवार्यता को प्रभावी ढंग से लागू करें।

राशन वितरण की करें नियमित समीक्षा 
सीएम ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की 15 करोड़ गरीब जनता के सुचारु भरण-पोषण के लिए मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। राशन के अतिरिक्त दाल, नमक और खाद्य तेल भी दिया जा रहा है। अंत्योदय कार्ड धारकों को चीनी भी मुफ्त दी जा रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सुव्यवस्थित रूप से चलती रहे, इसके लिए वितरण सामग्री की उपलब्धता व वितरण प्रणाली की नियमित अंतराल पर समीक्षा करें।

सुधारें गो आश्रय की व्यवस्था 
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर 2000-2500 गोवंश क्षमता वाले गो आश्रय स्थल स्थापित करने की योजना बनाएं। सभी गो-आश्रय स्थलों में व्यवस्था सुचारु रखी जाए। गोवंश को गर्मी अथवा धूप से सुरक्षित रखने के पुख्ता इंतजाम करें। गो-आश्रय स्थलों में हरा चारा-भूसा, चोकर, पानी आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। इन दिनों गेहूं की कटाई चल रही है। ऐसे में पशु चारे की खरीद अभी कर ली जाए। दुग्ध समितियों के गठन की प्रक्रिया को और तेज किया जाए।

Related Articles

Back to top button