adevertisment Adevertiisment banner

सीबीआई ने कथित फुटबॉल फिक्सिंग मामले में प्राथमिक जांच दर्ज की

नई दिल्ली: सीबीआई ने देश में फुटबॉल मैचों में कथित मैच फिक्सिंग की प्रारंभिक जांच शुरू की है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले शुरू हुई जांच के दौरान सीबीआई ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ से कई भारतीय फुटबाल क्लबों के दस्तावेज मांगे और एकत्र किए.
उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में मैचों के परिणामों में हेराफेरी करने में सिंगापुर स्थित एक कथित ‘मैच फिक्सर’ की भूमिका है. अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में नामित संदिग्धों और आरोपों के विवरण के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया क्योंकि इससे जांच में बाधा आ सकती है जो अभी शुरुआती चरण में है. उन्होंने कहा कि एजेंसी को कुछ दस्तावेज मिले हैं जबकि कुछ अन्य का अभी इंतजार है.
उन्होंने कहा कि एजेंसी ने जांच में शामिल होने के लिए कई भारतीय फुटबॉल क्लबों से भी सहयोग मांगा है. उन्होंने कानून का हवाला देते हुए कहा कि सीबीआई प्रारंभिक जांच के तहत तलाशी, गिरफ्तारी या समन के जरिए पूछताछ नहीं कर सकती है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी प्रारंभिक जांच के दौरान हितधारकों के सहयोग पर निर्भर करती है और जब उसके पास प्रथम दृष्टया अपराध का संकेत देने वाली सामग्री होती है तब प्राथमिकी दर्ज करती है.

Related Articles

Back to top button