adevertisment Adevertiisment banner

अरुणाचल प्रदेश : पीएम मोदी ने डोनी पोलो एयरपोर्ट का किया उद्घाटन

ईटानगर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के पहले ‘ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे’ डोनी पोलो का उद्घाटन किया. अधिकारियों ने बताया कि डोनी पोलो हवाई अड्डा होलोंगी में स्थित है और इसके संचालित होने के बाद संपर्क, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मोदी शनिवार सुबह ग्रीनफील्ड हवाईअड्डे का उद्घाटन किया. इसके साथ-साथ पीएम मोदी ने पश्चिम कामेंग जिले में 600 मेगावाट की कामेंग पनबिजली परियोजना राष्ट्र को समर्पित की. कामेंग पनबिजली परियोजना को पश्चिम कामेंग जिले में 80 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में 8,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है. इससे अरुणाचल प्रदेश को बिजली अधिशेष राज्य बनाने और राष्ट्रीय ग्रिड को स्थिरता एवं एकीकरण के मामले में लाभ होने की उम्मीद है.
अधिकारियों ने बताया कि ‘डोनी पोलो’ हवाई अड्डे को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा 645 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किया गया है. उन्होंने बताया कि इसमें आठ चेक-इन काउंटर होंगे और व्यस्त समय के दौरान 200 यात्रियों को जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती है. देश के पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश में कोई हवाई अड्डा नहीं है. निकटतम सुविधा असम के उत्तरी लखीमपुर जिले में 80 किलोमीटर दूर लीलाबाड़ी हवाई अड्डे पर है.
अधिकारियों ने बताया कि 4,100 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले डोनी पोलो हवाई अड्डा यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. उन्होंने बताया कि इसमें 2,300 मीटर लंबा रनवे होगा जो बोइंग 747 की लैंडिंग और टेक-ऑफ के लिए उपयुक्त होगा. इंडिगो एयरलाइंस 28 नवंबर से हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत करेगी. इस हवाई अड्डे का नाम राज्य की परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक सूर्य (डोनी) और चंद्रमा (पोलो) के प्रति लोगों की श्रद्धा को दर्शाता है.
राजभवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. बी. डी. मिश्रा ने शुक्रवार को डोनी पोलो हवाई अड्डे का दौरा किया और प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की. मिश्रा ने कहा कि हवाईअड्डा निवेशकों और चिकित्सा आपात स्थितियों में सुलभ यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अन्य राज्यों में पढ़ने वाले छात्रों और यात्रियों को भी इससे फायदा होगा.

Related Articles

Back to top button