adevertisment Adevertiisment banner

उप्र: भाजपा की नयी टीम का एलान जल्द

लखनऊ। बहुप्रतीक्षित उत्तर प्रदेश भाजपा की टीम की घोषणा जल्द होनेे के आसार हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सोमवार दिल्ली में मौजूद हैं। इन दोनों नेताओं की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की नयी टीम पर अंतिम मुहर लग सकती है।

पुरानी टीम के कुछ प्रदेश पदाधिकारियों के योगी मंत्रिमण्डल में शामिल होने से उनके स्थान पर नये चेहरों को टीम में जगह मिलना तय है। वहीं कई सालों से जमे पुराने चेहरों की छुट्टी भी हो सकती है। प्रदेश टीम की घोषणा के साथ ही कुछ क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा होनी है। इसके बाद जिलाध्यक्षों की घोषणा होगी।

प्रदेश भाजपा टीम में शामिल जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, ए.के.शर्मा और लक्ष्मण आचार्य के स्थान पर नये लोगों को मौका मिलेगा। वहीं प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत और सुब्रत पाठक की प्रदेश टीम से छुट्टी हो सकती है। दोनों नेता लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसलिए इन्हें संगठन से मुक्त किया जायेगा ताकि क्षेत्र में अधिक समय दे सकें। एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कनौजिया, प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल और ब्रज बहादुर को बड़ी जिम्मेदारी दी जायेगी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता व विचार आधारित पार्टी है। यहां किसी एक व्यक्ति या परिवार के लोग निर्णय नहीं करते हैं। भाजपा में निर्णय की सामूहिक प्रक्रिया है। उसी के आधार पर चीजें तय होती हैं।

Related Articles

Back to top button