adevertisment Adevertiisment banner

जौहर यूनिवर्सिटी मामला: आजम के बेटे व पत्नी को ईडी ने किया तलब, 15 जुलाई से पहले पूछताछ के लिए बुलाया

रामपुर । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सपा विधायक आजम खां के बेटे अब्दुल्ला व पत्नी तजीन फातिमा को 15 जुलाई से पहले पूछताछ के लिए लखनऊ बुलाया है। मामला रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय से जुड़ा है। जांच एजेंसी को विश्वविद्यालय में फंडिंग के नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग का शक है।

ईडी जौहर विवि से जुड़े मामले की जांच कर रहा है। मामले में आजम से सीतापुर जेल में बंद रहने के दौरान दो बार पूछताछ हो चुकी है। ईडी ने अब्दुल्ला और तजीन के बैंक खातों को भी खंगाले हैं। अब्दुल्ला रामपुर की स्वार सीट से विधायक हैं। जबकि तजीन रामपुर से पूर्व विधायक रह चुकी हैं।

ईडी इन दोनों के खातों में हुए लेन-देन को लेकर पूछताछ करेगा। इसके अलावा आजम के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी पूछताछ हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि आजम के परिजनों से पूछताछ के बाद उनके कुछ करीबियों को भी बुलाया जा सकता है। 
सपा नेता आजम खां से जुड़े यतीमखाना प्रकरण में सोमवार को कोर्ट में तारीख थी। इस दौरान आजम खां के अधिवक्ता की ओर से हाजिरी माफी प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया है। जिसमें कहा गया है कि आजम खां बीमार हैं और वे कोर्ट में हाजिर होने की स्थिति में नहीं हैं। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए अगली तारीख आठ जुलाई तय की है।

साल 2019 में सपा नेता आजम खां, सेवानिवृत्त सीओ आले हसन, सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल और इस्लाम ठेकेदार समेत 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें आरोप था कि सपा नेता आजम खां के इशारे पर यतीमखाना बस्ती में रह रहे लोगों के साथ मारपीट, लूटपाट की गई। साथ ही उनके घरों को भी ध्वस्त कर दिया गया था। इस प्रकरण में 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। इस मामले में ही आजम खां के खिलाफ भैंस चोरी तक के आरोप लगे। हालांकि, इन मामलों में आजम खां की जमानत मंजूर हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button