adevertisment Adevertiisment banner

पीएम की सुरक्षा में चूक पर बवाल, बीजेपी ने घेरी चन्नी सरकार; कहा, हार के डर से रद्द करवाई रैली

नई दिल्ली। पंजाब के फिरोजपुर में पीएम नरेंद्र मोदी की रैली रद्द होने के बाद भाजपा कांग्रेस की चन्नी सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा ने कहा है कि पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक की वजह से उनकी रैली रद्द हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि मतदाताओं के हाथों करारी हार के डर से पंजाब की कांग्रेस सरकार ने राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों को विफल करने के लिए हर संभव कोशिश की। नड्डा ने कहा कि ऐसा करने में उन्होंने (पंजाब सरकार) इस बात की परवाह नहीं की कि पीएम को भगत सिंह और अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि देनी है और प्रमुख विकास कार्यों की आधारशिला रखनी है। अपनी घटिया हरकतों से पंजाब में कांग्रेस सरकार ने दिखा दिया है कि वे विकास विरोधी हैं और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए भी उनके मन में कोई सम्मान नहीं है। नड्डा ने कहा कि पीएम की सुरक्षा में चूक बेहद चिंताजनक बात है। प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री के रास्ते में जाने दिया गया, जबकि पंजाब के सीएस और डीजीपी ने एसपीजी को आश्वासन दिया था कि रास्ता साफ है। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक पर बीजेपी हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि भारत के इतिहास में आज पंजाब की पुण्य भूमि पर कांग्रेस के खूनी इरादे नाकाम रहे। जो लोग कांग्रेस में प्रधानमंत्री जी से घृणा करते हैं, वे आज उनकी सुरक्षा को नाकाम करने के लिए प्रयासरत थे। दिल्ली के बीजेपी दफ्तर में मीडिया को संबोधित करते हुए स्मृति ने पंजाब की कांग्रेस सरकार को पूरी तरह फेल करार दिया और कहा कि जानते हुए भी पंजाब पुलिस मूकदर्शक बनी रही। बीजेपी नेत्री ने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या जानबूझकर प्रधानमंत्री जी के सुरक्षा दस्ते को झूठ बोल गया? जिन लोगों ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा को भंग किया, उन लोगों को प्रधानमंत्री की गाड़ी के पास तक किसने और कैसे पहुंचाया? भारत के प्रधानमंत्री की सुरक्षा किसी भी देश के अन्य प्रमुखों की तरह कड़ी होती है। भारत के प्रधानमंत्री को 24 घंटे सुरक्षा मुहैया कराने की जिम्मेदारी एसपीजी यानी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप की होती है। प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, एसपीजी के सटीक निशानेबाजों को हर कदम पर तैनात किया जाता है। ये शूटर एक सेकंड के अंदर आतंकियों को मार गिराने में सक्षम होते हैं। इन जवानों को अमरीका की सीक्रेट सर्विस की गाइडलाइंस के मुताबिक ट्रेनिंग दी जाती है। एसपीजी के जवानों के पास एमएनएफ-2000 असॉल्ट रायफल, ऑटोमेटिक गन और 17 एम रिवॉल्वर जैसे आधुनिक हथियार हैं। देश के प्रति व्यक्ति की सालाना आय 99 हजार और प्रतिदिन की आय महज 273 रुपए है। इस हिसाब से प्रति व्यक्ति की मासिक आय 8300 रुपए है, जबकि इससे ज्यादा का खर्च प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी का प्रति मिनट खर्च है। प्रति मिनट एसपीजी पर सरकार 8125 रुपए खर्च करती ह। प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर रोजाना 01 करोड़ 17 लाख रुपए खर्च होते हैं। प्रधानमंत्री के काफिले में दो बख्तरबंद बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज सेडान, 6 बीएमडब्ल्यू एक्स 5 और एक मर्सिडीज बेंज एंबुलेंस के साथ एक दर्जन से अधिक वाहन मौजूद होते हैं।

Related Articles

Back to top button