IIT Seats 2026: IIT में सीटों की क्षमता 18 हजार के पार, 4 सालों में 13.4% की बढ़ोतरी के साथ जुड़ीं 2,228 नई सीटें
IIT Seats 2026: JEE Advanced और JoSAA आंकड़ों के अनुसार 2022 से 2026 के बीच 16,598 से बढ़कर 18,826 हुईं सीटें; महिला सुपरन्यूमरेरी सीटों में 141% की भारी वृद्धि।
IIT Seats 2026: देश के प्रीमियम इंजीनियरिंग संस्थानों (IITs) में दाखिले का सपना देख रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। ज्वाइंट इंप्लीमेंटेशन कमेटी और जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 से 2026 के दौरान IIT की कुल सीट क्षमता में 13.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
साल-दर-साल ऐसे बढ़ी सीटों की संख्या (2022-2026)
बीते 4 सालों में IITs में सीटों का विस्तार इस प्रकार रहा:
-
2022: 16,598 सीटें
-
2023: 17,385 सीटें (+787 सीटें)
-
2024: 17,760 सीटें (+375 सीटें)
-
2025: 18,160 सीटें (+400 सीटें)
-
2026: 18,826 सीटें (+666 सीटों का बड़ा उछाल)
महिला सुपरन्यूमरेरी सीटों में 141% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी
IITs में जेंडर डायवर्सिटी सुधारने के मकसद से 2018 में कम से कम 20% महिला नामांकन का लक्ष्य रखा गया था। इस नीति के तहत बनाई गई महिला सुपरन्यूमरेरी सीटें 2022 में 1,567 थीं, जो 2026 में 141% बढ़कर 3,776 पर पहुंच गई हैं। वर्ष 2024 के बाद से यह आंकड़ा कुल क्षमता के लगभग 20% पर स्थिर बना हुआ है।
सीट कैपेसिटी और सीट अलॉटमेंट का अंतर
आंकड़ों के अनुसार 2026 में IIT की स्वीकृत सीट क्षमता 18,826 थी, जबकि JoSAA काउंसलिंग के अंतिम दौर में कुल 18,861 सीटें आवंटित की गईं। यह 35 सीटों का अंतर स्पेशल सुपरन्यूमरेरी कैटेगरी आवंटन को दर्शाता है, जिसे कुल स्वीकृत क्षमता में स्थायी वृद्धि नहीं माना जाना चाहिए।
छात्राओं के कुल सीट आवंटन की बात करें तो 2022 में कुल आवंटित सीटों में 3,310 (19.9%) लड़कियां थीं, जो 2026 में 3,814 (20.22%) हो गईं। यानी कुल सीटों में महिलाओं की हिस्सेदारी अभी भी 20% के आसपास बनी हुई है।



