adevertisment Adevertiisment banner

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर्नाटक पहुंची

गुंडलुपेट: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुक्रवार को कर्नाटक पहुंच गयी. कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि कर्नाटक में चामराजनगर के गुंडलुपेट से शुरू होने वाली यात्रा राज्य में पार्टी के कैडर में जोश भरेगी. राज्य में विधानसभा चुनावों में महज छह महीने का वक्त रह गया है. कांग्रेस की पदयात्रा ने तमिलनाडु के गुडालुर से यहां प्रवेश किया और यह राज्य में करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सात जिलों से गुजरेगी.
यह पदयात्रा चामराजनगर, मैसुरु, मांडया, तुमकुर, चित्रदुर्ग, बेल्लारी और रायचुर जिलों से गुजरेगी. कर्नाटक में यह यात्रा सात लोकसभा क्षेत्रों और 22 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी. कांग्रेस में सूत्रों ने बताया कि गुंडलुपेट, मैसुरु तथा बेल्लारी में तीन बड़ी जनसभाएं होंगी.
केक्कानहल्ला चेक पोस्ट के पास राज्य कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया. विपक्ष के नेता सिद्धारमैया, केपीसीसी अध्यक्ष डी.के.शिवकुमार, एम.बी. पाटिल, आर.वी. देशपांडे, वीरप्पा मोइली, के.जे. जॉर्ज और अन्य कांग्रेसी नेता उनके साथ हैं. उसके बाद राहुल रास्ते में कॉफी पीने के लिए गुंडलूपेट के हंगला गांव के पास एक निजी रिसॉर्ट में गए.

Related Articles

Back to top button