adevertisment Adevertiisment banner

विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात गौरव यात्रा को नड्डा दिखाएंगे हरी झंडी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 (gujarat assembly elections 2022) में अपने प्रचार अभियान को धार देने के लिए राज्य में पांच अलग-अलग स्थानों से ‘गौरव यात्रा’ निकालेगी. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को ऐसी ही दो यात्राओं को हरी झंडी दिखाएंगे. भाजपा सूत्रों के मुताबिक यह यात्रा गुजरात के पांच अलग-अलग धार्मिक स्थलों से रवाना की जाएगी और 10 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा राज्य की 182 विधानसभा सीटों में 144 सीटों से होकर गुजरेगी.
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक पहली यात्रा मेहसाणा जिले के बहुचराजी से कच्छ जिले के माता नो मढ़ तक जाएगी. बहुचारजी में विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर है. दूसरी यात्रा द्वारका से पोरबंदर तक निकलेगी. इन दोनों यात्राओं को नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे. पार्टी नेताओं के मुताबिक तीसरी यात्रा अहमदाबाद जिले के जंजरका से अहमदाबाद के सोमनाथ तक जाएगी जबकि चौथी यात्रा नवसारी जिले के उनई से दक्षिण गुजरात के खेड़ा जिले स्थित फगवेल तक जाएगी. पांचवीं यात्रा उनई से अंबाजी तक जाएगी.
पार्टी के एक नेता ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इनमें से कुछ यात्राओं को हरी झंडी दिखा सकते हैं जबकि केंद्रीय मंत्री व गुजरात के प्रभारी भूपेंद्र यादव, पीयूष गोयल, मनसुख मांडविया, पुरुषोत्तम रुपाला सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्री इन यात्राओं में शामिल होंगे. इन यात्राओं में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है. ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल के दिनों में कई बार गुजरात का दौरा किया और उन्होंने हजारों करोड़ों रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है.
इस यात्रा के दौरान पार्टी की योजना 5,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने की है. यह यात्रा जिन क्षेत्रों से गुजरेगी, उनमें अधिकांश आदिवासी बहुल है. आदिवासी बहुल इलाकों की सीटों पर कांग्रेस का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है. भाजपा गुजरात में 1995 से लगातार सत्ता में हैं. मोदी राज्य के 22वें मुख्यमंत्री बने और लगातार 13 सालों तक इस पद पर बने रहे. लगातार तीन कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रहने के बाद मोदी 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने और फिर गुजरात में आनंदीबेन पटेल पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं.

Related Articles

Back to top button