adevertisment Adevertiisment banner

शहबाज शरीफ के नए मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों ने ली शपथ

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के 34 मंत्रियों वाले नए कैबिनेट ने मंगलवार को शपथ ली। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की गैरमौजूदगी में सीनेट चेयरमैन सादिक सांजरानी ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इस शपथ समारोह में शामिल होने से इन्कार कर दिया था। स्थानीय समयानुसार सोमवार रात 8.30 बजे ही इन मंत्रियों को शपथ लेना था लेकिन जब प्रधानमंत्री कार्यालय ने राष्ट्रपति कार्यालय से संपर्क किया तब अल्वी ने शपथ दिलाने से इन्कार कर दिया था। पिछले सप्ताह सांजरानी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को शपथ दिलाई थी क्योंकि राष्ट्रपति अल्वी तबियत खराब होने को लेकर अवकाश पर चले गए थे। देश के कैबिनेट विभाग की ओर से नए मंत्रियों की एक लिस्ट जारी की गई है। इसमें 30 केंद्रीय मंत्रियों, चार राज्य मंत्री और तीन प्रधानमंत्री के सलाहकार शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की गैरमौजूदगी में सीनेट चेयरमैन सांजरानी ही मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेताओं ने इस बात की पुष्टि पहले ही कर दी थी। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी मंत्रियों में नहीं थे। पहले ऐसी अफवाह थी कि वे देश के अगले विदेश मंत्री होंगे। शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी को 13 मंत्रालय और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी को नौ मंत्रालय सौंपे गए। इसके अलावा जमियत उलेमा-ए-इस्लाम-फज्ल और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट पाकिस्तान को दो मंत्रालय मिले हैं। गठबंधन की अन्य पार्टियों में बलूचिस्तान अवामी पार्टी , पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कैद और जम्होरी वतन पार्टी को एक-एक मंत्रालय सौंपा गया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी से दो और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से एक राज्य मंत्रियों को नियुक्त किया गया। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के एक औरपाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के दो सदस्यों को प्रधानमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Back to top button