Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव का ओवैसी पर हमला, AIMIM प्रमुख को बताया ‘रावण’
Akhilesh Yadav: रामपुर में आजम खान से मिलने के बाद अखिलेश यादव ने ओवैसी पर साधा निशाना।
Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर बेहद तीखा हमला बोला है। रामपुर में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से जेल में मुलाकात करने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ओवैसी की तुलना सीधे ‘रावण’ से कर दी।
‘रावण ने भी वेशभूषा बदली थी और यहां तो…’ AIMIM द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों और बयानों पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “आपने-हमने देखा है कि रावण भी वेशभूषा बदलकर, एक दिन के लिए भेष बदला था और मां सीता को अपने साथ लेकर गया था। और यहां तो इतने वर्षों से भेष-भूषा बदला हुआ है।” सपा प्रमुख का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
आजम खान से मुलाकात और AIMIM का तंज अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब हाल ही में AIMIM की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता शादाब चौहान ने सपा प्रमुख पर बड़ा हमला बोला था। शादाब चौहान ने दावा किया था कि ओवैसी के बढ़ते राजनीतिक दबाव और डर की वजह से ही अखिलेश यादव अब रामपुर जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे हैं।
AIMIM नेता ने आरोप लगाया था कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश को आजम खान की याद आई है और उनकी यह मुलाकात केवल एक ‘सियासी ड्रामेबाजी’ है। चौहान ने सवाल उठाया था कि अगर सैफई परिवार का कोई सदस्य जेल में होता, तो क्या अखिलेश चुप बैठते? उन्होंने यह भी कहा था कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान अब सब समझ चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा मुस्लिम वोटों पर ‘डकैती’ नहीं डाल पाएगी।
बहरहाल, रामपुर जेल जाने के बाद अखिलेश यादव के इस नए और तीखे बयान ने राज्य के सियासी तापमान को और अधिक बढ़ा दिया है। आगामी चुनावों से पहले सपा और AIMIM के बीच की यह तल्खी दोनों दलों के बीच सियासी संघर्ष को और गहरा करती नजर आ रही है।



