adevertisment Adevertiisment banner

सहेली को दिल दे बैठी लड़की, कोर्ट में जाकर कहा- पति-पत्नी की तरह रहना चाहती हैं

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में झाड़ोल थाना पुलिस ने जब दो युवतियों को उदयपुर कोर्ट में पेश किया तो लोगों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। अजमेर से उदयपुर भाग कर आई दो लड़कियों ने कोर्ट में कहा कि हम दोनों एक दूसरे से प्यार करती हैं और शादी कर पति-पत्नी की तरह रहना चाहती हैं जिसके बाद वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया। पुलिस ने कोर्ट में बताया कि दोनों युवतियों ने शादी कर ली है और उनकी अजमेर में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद दस्तयाब का वारंट निकला हुआ है। वहीं दोनों युवतियों को कोर्ट में अपना बयान दिया जिसके बाद उन्हें नारी निकेतन भेज दिया गया। इस मामले में आज फिर सुनवाई होगी।
मिली जानकारी के मुताबिक कोर्ट परिसर में पहुंचे परिजनों ने दोनों युवतियों को काफी देर तक समझाने की कोशिश भी की और दोनों युवतियों के परिजनों ने उन्हें अजमेर से उदयपुर चलने के लिए कहा लेकिन उन्होंने साथ जाने से मना कर दिया।
बता दें कि दोनों युवतियां ढाई महीने पहले घर से लापता हो गई थी जिसके बाद परिजनों ने थाने में लापता की रिपोर्ट लिखवाई थी। वहीं दोनों के बालिग होने के चलते पुलिस ने शुरूआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और परिजन लड़कियों को तलाशते हुए खुद उदयपुर जिले के झाड़ोल कस्बे पहुंचे।
बता दें कि मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान लड़कियों ने कोर्ट में कहा कि वह पिछले 3 सालों से अच्छी दोस्त हैं और उन्हें किसी और से शादी नहीं करनी है। लड़कियों ने कहा कि वह एक-दूसरे के जीवनसाथी बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके समलैंगिक संबंधों को परिवार और समाज कभी स्वीकार नहीं कर पाता जिसके कारण उन्होंने घर से भागने का फैसला किया।
वहीं झाड़ोल थाने के एएसआई हिम्मत सिंह ने बताया कि हावड़ा अजमेर की रहने वाली दोनों लड़कियां एक ही समाज की है और पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई। जानकारी के मुताबिक एक लड़की कॉलेज में फर्स्ट ईयर और दूसरी 12वीं की छात्रा है जिनमें से एक की उम्र 21 और दूसरी की 20 साल है।
पुलिस ने बताया कि दोनों लड़कियां एक दूसरे से प्यार करती है। बता दें कि मूल रूप से अजमेर की रहने वाली दोनों लड़कियां 3 साल पहले एक प्रोग्राम में एक दूसरे से मिली थी जिसके बाद दोनों की दोस्ती हुई और एक-दूसरे से प्यार हो गया। अक्सर दोनों एक दूसरे के घर आती-जाती भी थी। इसके बाद शादी करने और साथ रहने के उद्देश्य से दोनों ढाई महीने पहले घर से गायब हो गई जिसके बाद परिजन लगातार तलाश कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button