adevertisment Adevertiisment banner

आरजे बनने का मौका दे रहा आकाशवाणी

लखनऊ । विद्यार्थियों को आजादी के इतिहास से जोड़ने के साथ ही आकाशवाणी उन्हें रेडियो जौकी बनने का भी मौका दे रहा है। आकाशवाणी से विद्यार्थियों की आवाज में आजादी से जुड़ीं बातें गूंजेंगी। इस योजना के तहत आकाशवाणी का हर रेडियो स्टेशन स्कूल और कालेज के साथ समन्वय स्थापित कर वहां प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी अपनी सोचने और बोलने की क्षमता का परिचय देंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को चुना जाएगा। इन तीन विद्यार्थियों को आकाशवाणी पर कार्यक्रम की एंकरिंग करने का मौका दिया जाएगा। देश की आजादी पर केंद्रित ‘एयरनेक्स्ट’ कार्यक्रम 52 एपिसोड का होगा। हर रविवार को शाम साढ़े सात से आठ बजे तक कार्यक्रम का प्रसारण होगा। 28 नवंबर से शुरू हाे रहे एयरनेक्सट कार्यक्रम के पहले एपिसोड में ला मार्टिनियर ब्वॉयज इंटर कालेज के तीन विद्यार्थी प्रसिद्ध, उर्ध्व और विनायक को गेस्ट आरजे के तौर पर चुना गया है।आकाशवाणी की कार्यक्रम प्रमुख मीनू खरे ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत कई आयोजन हो रहे हैं।

प्रतियोगिताओं में भी आजादी से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जा रही है। एयरनेक्स्ट प्रोग्राम विद्यार्थियों को अपने देश के बारे में करीब से जानने और समझने का मौका देने की एक पहल है। एयरनेक्स्ट आकाशवाणी की एक टैलेंट श्रृंखला है, जो पूरे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के समस्त केंद्रों से प्रसारित होगी। तय विषयों पर विद्यार्थी अपने विचार रखेंगे और उन्हें स्क्रिप्टिंग भी सीखने को मिलेगी। इसमें स्कूल के माध्यम से ही विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम की प्रस्तुतकर्ता डा अनामिका श्रीवास्तव हैं। स्कूल और कालेज में प्रतियोगिताओं के लिए विषय तय किए गए हैं। एयरनेक्स्ट कार्यक्रम के तहत टैलेंट हंट के लिए तय विषयों में ‘मेरा सपनों का भाारत’, ‘नारीत्व की नई परिभाषा’, ‘मेक इन इंडिया : स्किल इंडिया’, ‘यूथ आइकॉन और रोल मॉडल’, ‘भारतीय परंपरा और मूल्य’ और ‘भविष्य का भारत’ विषय शामिल हैं। विद्यार्थी इनमें से किसी एक विषय पर अपनी बात रख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button