adevertisment Adevertiisment banner

राज्यसभा चुनाव: भाजपा के 8 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, सीएम योगी सहित कई नेता रहे मौजूद

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के सभी 8 प्रत्याशियों ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, डॉ. राधामोहन अग्रवाल, सुरेन्द्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव, डॉ के लक्ष्मन और मिथलेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह सहित कई नेता उपस्थित रहे.

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए कुल 31 सदस्य चुने जाते हैं, जिनमें से 11 सदस्यों का चुनाव हो रहा है. इसके लिए मतदान आगामी 10 जून को होगा और मंगलवार 31 मई को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है. भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार देर रात उत्तर प्रदेश से दो और नामों के ऐलान के साथ ही सभी आठ प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया था. नामांकन पत्र दाखिल करने वाले डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हैं. वहीं, डॉ. राधामोहन अग्रवाल गोरखपुर शहर से विधायक रहे हैं.

सुरेन्द्र सिंह नागर भाजपा में गुर्जर बिरादरी के शीर्ष नेता हैं. बाबूराम निषाद उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष हैं. गौरतलब है कि दर्शना सिंह यूपी भाजपा में महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं. वहीं, संगीता यादव गोरखपुर के चौरी-चौरा से विधायक रही हैं. डॉ. के लक्ष्मण भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. मिथलेश कुमार पुवायां से भाजपा के विधायक रह चुके हैं.

Related Articles

Back to top button