adevertisment Adevertiisment banner

भारत में पाक के 4 दूतावासों के ट्विटर अकाउंट बैन

नई दिल्ली। ट्विटर इंडिया ने एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत में पाकिस्तान के चार दूतावासों के ट्विटर खातों को बंद कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया है जब इन पर आरोप लगे कि इन ट्विटर हैंडल से झूठी खबरें और दुष्प्रचार किया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की तरफ से इन खातों को तत्काल बहाल करने का आग्रह किया गया है।
दरअसल पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की तरफ से किए गए ट्वीट्स में जिक्र है कि भारत में ट्विटर द्वारा ईरान, तुर्की, मिस्त्र और संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी दूतावासों के ट्विटर खातों को बैन कर दिया गया है। पाकिस्तान का दावा है कि कई और अकाउंट को भारत ने बैन कराया है। यह तब हुआ जब पाकिस्तान के तुर्की, संयुक्त राष्ट्र, ईरान और मिस्त्र स्थित दूतावासों के अकाउंट पर ये कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि और ट्विटर खातों पर इस तरह की कार्रवाई हो सकती है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब पाकिस्तान के किसी ट्विटर खाते को बंद किया गया है। इससे पहले भी ट्विटर ने पाकिस्तान में राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक रेडियो पाकिस्तान के अकाउंट को बंद कर दिया था। आरोप है कि पाकिस्तानी दूतावासों के ट्विटर अकाउंट भारत के खिलाफ नफरत भड़का रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में हुए नूपुर शर्मा विवाद में भी इन हैंडल्स की तरफ से ट्वीट आए थे। इससे पहले पाकिस्तान ने इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी के बहाने संयुक्त राष्ट्र में नूपुर शर्मा के पैगंबर पर दिए बयान का मुद्दा उठाया था। इस पर भारत ने करारा जवाब देकर पाकिस्तान की बोलती बंद कर दी थी।

Related Articles

Back to top button