adevertisment Adevertiisment banner

दुबई जा रहे विमान को आपातस्थिति में कराची उतारा गया

नयी दिल्ली। राजधानी दिल्ली से दुबई जा रहे स्पाइसजेट एयरलाइन्स के एक विमान को तकनीकी कारणों से पाकिस्तान के कराची हवाईअड्डे पर आज उतारना पड़ा। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
विमान कंपनी के एक प्रवक्ता के अनुसार उड़ान संख्या एसजी-11 लेकर दुबई जा रहे बोइंग बी737 विमान में 150 से अधिक यात्री सवार थे। रास्ते में विमान में तकनीकी गड़बड़ी का संकेतक की बत्ती जलने लगी जिससे विमान को कराची की ओर मोड़ा गया। विमान सुरक्षित ढंग से उतर गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार कर यात्री लाउंज में ले जाया गया। कराची हवाई अड्डे पर यात्रियों को स्वल्पाहार दिया गया।
बाद में नागर विमान महानिदेशालय ने बताया कि चालक दल के सदस्यों ने देखा कि बायीं तरफ के ईंधन टैंक में असामान्य रूप से ईंधन कम हो रहा है। उन्होंने आपातकालीन चेकलिस्ट के हिसाब से जांच की लेकिन ईंधन के स्तर में कमी लगातार आ रही थी। इस पर पायलट ने कराची में हवाई यातायात नियंत्रक से संपर्क स्थापित किया और क्लीयरेंस मिलते ही विमान को कराची की ओर मोड़ दिया। बाद में विमान के उतरने के बाद जांच किये जाने पर बायीं ओर के मुख्य टैंक से ईंधन लीक करने के कोई शुरुआती चिह्न नहीं मिले।
कराची हवाई अड्डे के प्रवक्ता के अनुसार भारतीय विमान के यात्री ट्रांसिट लाउंज में हैं और उनका आतिथ्य सत्कार किया जा रहा है। इंजीनियर विमान की जांच कर रहे हैं और खामी का दुरुस्त करने का प्रयास कर रहे हैं। इंजीनियरों की क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button