adevertisment Adevertiisment banner

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी 8 अक्टूबर को संभालेंगे पदभार, पार्टी ने की भव्य स्वागत की तैयारी

लखनऊ : यूपी कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खाबरी आगामी 8 अक्टूबर को अध्यक्ष पद ग्रहण करेंगे. खाबरी के साथ ही सभी 6 प्रांतीय अध्यक्ष भी अपनी-अपनी कुर्सी संभालेंगे. पार्टी प्रवक्ता अंशु अवस्थी के मुताबिक, कांग्रेस ने दलित वर्ग से आने वाले नेता पर भरोसा जताते हुये प्रदेश की कमान बृजलाल खाबरी को सौंपी है. 8 अक्टूबर को लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे.
पार्टी प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि आठ अक्टूबर को नव नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी पद ग्रहण करेंगे. उनके स्वागत के लिये लाखों की संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ की सीमा से ही जुट जाएंगे. यही नहीं पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जायेगा. प्रवक्ता के मुताबिक, 8 अक्टूबर को पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ अध्यक्ष औपचारिक मुलाकात करेंगे. वहीं सभी 6 प्रांतीय अध्यक्षों का भी इस दौरान भव्य स्वागत किया जायेगा.
बता दें, तमाम कयासों के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इस बार दलित चेहरे पर दांव खेलते हुये जालौन के पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. खाबरी 2016 तक बसपा में थे. 1999 में बसपा के टिकट पर ही खाबरी सांसद बने थे. अध्यक्ष के साथ ही कांग्रेस ने छह प्रांतीय अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है. प्रांतीय अध्यक्ष पद पर अजय राय, नसीमुद्दीन सिद्धीकी, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव और योगेश दीक्षित नियुक्त किए गए हैं.

Related Articles

Back to top button