adevertisment Adevertiisment banner

अरुण गोयल ने देश के नए चुनाव आयुक्त के तौर पर पद संभाला

नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी अरुण गोयल ने सोमवार को चुनाव आयुक्त का पदभार संभाल लिया. निर्वाचन आयोग (ईसी) ने यह जानकारी दी. गोयल 1985 बैच के पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने 18 नवंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी. हालांकि, उन्हें 60 वर्ष का होने के बाद 31 दिसंबर 2022 को सेवानिवृत्त होना था.
गोयल को शनिवार को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था. वह मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय के साथ निर्वाचन आयोग का हिस्सा होंगे. मई 2022 में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के रूप में सुशील चंद्रा की सेवानिवृत्ति के बाद निर्वाचन आयोग में एक पद खाली था.
गोयल इससे पहले भारी उद्योग सचिव के पद पर तैनात थे. उन्होंने संस्कृति मंत्रालय में भी सेवाएं दी हैं. उनकी नियुक्ति ऐसे समय में की गई है, जब गुजरात में एक और पांच दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. आने वाले महीनों में नगालैंड, मेघालय, त्रिपुरा और कर्नाटक के लिए चुनाव कार्यक्रम तय करते समय निर्वाचन आयोग के पास उसके सभी तीन सदस्य होंगे.

Related Articles

Back to top button