adevertisment Adevertiisment banner

राजा भैया पत्नी भानवी को देंगे तलाक! सोमवार को दिल्ली के साकेत कोर्ट में होगी सुनवाई

प्रतापगढ़। यूपी के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजा भैया उर्फ रघुराज प्रताप सिंह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। विधायक राजा भैया ने अपनी पत्नी भानवी कुमारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तलाक की अर्जी दाखिल की है। राजा भैया ने आरोप लगाया कि भानवी घर में झगड़ा और कलह करती है। यूपी के कुंडा से विधायक राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहे तलाक के केस पर सोमवार को दिल्ली की साकेत कोर्ट में सुनवाई होगी। पिछले कुछ दिनों से पत्नी भानवी और राजा भैया के बीच अनबन चल रही थी।

विधायक राजा भैया ने 19 नवंबर 2022 को दिल्ली की साकेत कोर्ट में दायर किया था पारिवारिक वाद
मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक राजा भैया उर्फ रघुराज प्रताप सिंह ने 19 नवंबर 2022 को दिल्ली की साकेत कोर्ट में पारिवारिक वाद दायर किया था। 27 साल पहले दोनों ने शादी की थी। अब राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। अब 27 साल बाद दोनों के रिश्तों के बीच इतनी खटास हो गई है कि दोनों पिछले 2 सालों से अलग रह रहे हैं और अब बात तलाक तक पहुंच गई है।

दोनों के रिश्तों में आई कड़वाहट का यह बताया जा रहा मुख्य कारण
आपको बता दें कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी कुमारी के रिश्तों के बीच दरार तब पड़ी थी, जब भानवी कुमारी ने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ दिल्ली में सीआरपीसी 420, 467, 468, 471,109 और 120 बी के तहत मामला दर्ज कराया था। भानवी सिंह ने अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ उनके फर्जी हस्ताक्षर कर उनकी कंपनी के शेयर हथियाने का आरोप लगाया था। उस समय राजा भैया ने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह का खुलकर समर्थन किया था और कहा था कि मैं अपने भाई के साथ हूं। इस मामले में भानवी ने अक्षय प्रताप सिंह सहित 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी जांच चल रही है।

Related Articles

Back to top button