adevertisment Adevertiisment banner

झांसी में बोले केशव मौर्य- कभी पिछड़ा कहलाने वाला बुंदेलखंड आज तेजी से आगे बढ़ रहा है

झांसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कहा कि डबल इंजन की सरकार ने डबल से कई गुना अधिक रफ्तार से बुंदेलखंड का सर्वांगीण विकास किया है और वह लगातार जारी है। इसी कारण पहले बुंदेलखंड पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था लेकिन आज यह क्षेत्र सभी प्रकार से आगे बढ़ता दिख रहा है।

यहां ग्राम्य विकास विभाग के कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा के बाद संवाददाताओं से मुखातिब हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ बुंदेलखंड के लोगों को देने के लिए हमारे सभी जनप्रतिनिधिगण अधिकारी गण मिलकर बहुत अच्छा काम किया है। आज ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ सम्मेलन में कई प्रकार की जानकारी मिली।

ग्राम चौपालों में गांव की समस्या का गांव में ही समाधान होता है आज इसमें जन प्रतिनिधि से लेकर अधिकारी तक शामिल होते हैं। गांव की समस्याओं का वहीं समाधान करना होता है । इसी प्रकार से ब्लॉक और मंडल स्तर पर भी सम्मेलन शुरू किया गया है।

केशव मौर्य ने दावा किया कि इस सरकार में भ्रष्टाचार पर प्रहार हो रहा है तो कुछ विपक्षी दलों को इससे परेशानी हो रही है। कांग्रेस को लगता है कि उनके राहुल गांधी कानून से ऊपर हैं। विपक्षी दल इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष गये और सर्वोच्च न्यायालय ने भी साफ किया कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

इस देश के संविधान से ऊपर कोई नहीं , इसलिए इस तरह की राजनीति करने वालों को लगातार जवाब मिल रहा है और 2024 में भी भाजपा रिकॉर्ड जीत हासिल करेगा जिसमें झांसी सहित उत्तर प्रदेश की 80 की 80 सीटों पर भाजपा का परचम लहराये।

शासन को गलत सूचनाएं देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के बारे मे पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि इसके लिए हमने एक सिस्टम बनाया है। अगर कोई समीक्षा जनता या जनप्रतिनिधियों के द्वारा सरकार के सामने पहुंचती है तो लागू करने वाले अधिकारियों की भी जांच की जाती है।

मायावती के डबल इंजन की सरकार में जनता डबल परेशान वाले बयान पर कहा कि ये आरोप लगाने वाले तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। इस राजनीति का अंत हो चुका है वह चिंता न करें देश के हित में जो जरूरी होगा वह जरूर किया जायेग।

फर्जी मुकदमें लिखे जाने पर कहा कि मुकदमें लिखने का अर्थ यह नहीं कि कोई दोषी करार दे दिया गया जांच में अगर निर्दोष साबित होगा तो मुकदमा खत्म कर दिया जायेगा और अगर दोषी होगा तो कार्रवाई तो होगी ही।

धार्मिक ग्रंथों में संशोधन की उठ रही मांग को लेकर पूछे गये सवाल पर कहा “ धर्मग्रंथों पर टिप्पणी या संशोधन सरकार का नहीं धर्माचार्यों का काम। मुझे लगता है कि नेता को इस तरह की चीजों से बचना चाहिए।” इस दौरान जिले आला अधिकारियों के साथ साथ सांसद अनुराग शर्मा भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button