adevertisment Adevertiisment banner

शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गर्रा नदी में गिरी, छह लोगों की मौत, कई घायल

शाहजहांपुर/लखनऊ। शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना इलाके में शनिवार को भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली के पुल के ऊपर से गर्रा नदी में गिर जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 30 लोग सवार थे और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

घटनास्‍थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी-ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत निगोही मार्ग पर बिरसिंहपुर के गर्रा नदी पुल पर अजमतपुर गांव से भागवत कथा के लिए जल लेने जा रहे ट्रैक्टर ट्राली चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे ट्रैक्टर ट्राली नदी में जा गिरी।

उन्होंने कहा कि अभी तक के पूछताछ में जानकारी मिली है कि ट्राली पर 30 से अधिक लोग सवार थे। एएसपी ने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि घटना में छह लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है जबकि घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक एस आनंद समेत आला अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को तिलहर प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र में रखा गया है। इस बीच, लखनऊ में जारी एक बयान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर की इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बयान के अनुसार योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, राज्‍य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य को अंजाम दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button