adevertisment Adevertiisment banner

कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर कार पलटने से एक की मौत, पांच घायल

कन्नौज। कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सभी कार सवार मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम से दर्शन करके पीलीभीत अपने घर जा रहे थे। ‘यूपीडा’ की टीम ने सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया।

तालग्राम थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) देवेश कुमार पाल ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना तालग्राम के मछैया गांव के पास पहुंचने पर चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई और कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। एसएचओ ने बताया कि पीलीभीत के थाना भूमिगोई गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी मशरूम शाह (33) श्रद्धालुओं को दर्शन कराने बागेश्वर धाम ले गया था।

शनिवार को सभी दर्शन करने के बाद पीलीभीत वापस लौट रहे थे और कार में पीलीभीत के थाना पूरनपुर गांव निवासी रामपाल (65), रामपाल के भाई रामकिशन (40), पुत्र धर्मेंद्र (22), परिवार की मुन्नी देवी (35) और विमला (45) सवार थीं। उन्होंने बताया कि ‘यूपीडा’ के सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां रामपाल (65) की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कन्नौज में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक ट़वीट में दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Related Articles

Back to top button