adevertisment Adevertiisment banner

बलिया में भूमि विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर व्यक्ति की हत्या

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव में भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों ने एक व्यक्ति की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, शनिवार रात हुई इस घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारी के मुताबिक, उभांव थाना क्षेत्र के भीटा भुआरी गांव में शनिवार रात उदय भान यादव (60), अनिल यादव (55) और शैलेंद्र यादव (30) डेरे पर सो रहे थे, तभी उनके पट्टीदारों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारी के अनुसार, घायलों को बिल्थरा रोड स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मऊ रेफर कर दिया।

उन्होंने बताया कि मऊ ले जाते समय अनिल यादव ने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पट्टीदारों में भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था और संभवत: इसी विवाद को लेकर हमला किया गया।

उन्होंने कहा कि मृतक अनिल यादव के छोटे भाई सुशील कुमार यादव की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की सुसंगत धारा में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button