adevertisment Adevertiisment banner

अलीगढ़ में आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में व्यक्ति की मौत

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर के एक पार्क में आवारा कुत्तों के झुंड ने रविवार सुबह टहलने निकले एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मार डाला। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे एएमयू परिसर के पास के मोहल्ले के रहने वाले सफदर अली, सर सैयद संग्रहालय के बगीचे में अकेले टहल रहे थे कि अचानक कुत्तों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया।

इस दौरान कुत्तों ने उन पर बुरी तरह हमला कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। अली ने भागने की कोशिश की लेकिन कुत्तों के झुंड ने उन्हें घायल कर दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (नगर) कुलदीप सिंह गुणावत ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पीड़ित की मौत हो चुकी थी।

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे जांच की जा रही है। कुत्तों के हमले की यह घटना एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और सोशल मीडिया पर उसके फुटेज सामने आए हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद विश्वविद्यालय के किसी अधिकारी ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Related Articles

Back to top button