adevertisment Adevertiisment banner

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला- देश में खुलेंगे 157 नये सरकारी नर्सिंग कॉलेज

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में 1570 करोड़ रुपए के निवेश से 157 नये सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोलने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए कहा कि इससे देश में 15700 अतिरिक्त नर्सिंग सीटें उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से राजस्थान, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश को अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नया नर्सिंग कॉलेज पहले से स्थापित मेडिकल कॉलेज के साथ संबंधित होगा। उन्होंने कहा कि लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थापित नए मेडिकल कॉलेजों के साथ नया नर्सिंग कॉलेज दिया गया है। प्रत्येक नए नर्सिंग कॉलेज के लिए 10 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे। संबंधित राज्य सरकार इसमें अतिरिक्त सुविधाएं बढ़ाने के लिए और आवंटन बढ़ा सकती है।

श्री मांडविया ने कहा कि नर्सिंग कॉलेजों का आवंटन सभी राज्यों में उनके द्वारा खोले गए नए मेडिकल कॉलेजों के आधार पर किया गया है। प्रत्येक नये मेडिकल कॉलेज को एक नया नर्सिंग कॉलेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में भारतीय नर्सों की मांग लगातार बढ़ रही है। सरकार के इस फैसले से इस मांग की पूर्ति होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि नये नर्सिंग कॉलेज अगले 24 महीने में बनकर तैयार हो जाएंगे। संबंधित नर्सिंग कॉलेजों के लिए राज्यों को उनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुसार आवंटन जारी कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button