Delhi- गर्मी से उबलता देश

Delhi- चिलचिलाती गर्मी के कारण देश का एक बड़ा हिस्सा फिलहाल उबल रहा है। आम चुनाव के मौसम में चर्चा के केन्द्र में गर्मी की मार भी एक प्रमुख बिंदु बन गया है। मैं अभी चुनाव में अनेक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियानों में निकल रहा हूँ। लेकिन न तो कार्यकर्ता सुबह 6 से 9 बजे और शाम के 7 से रात 10 बजे के अलावा निकलने को तैयार हैं, न ही नागरिक अपने घरों का दरवाजा खोल कर आपके स्वागत के लिये तैयार हैं। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि यह तीव्र गर्मी जून महीने तक जारी रहेगी और “महसूस होने वाला तापमान” 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

अभी 26 मई को स्वयं मुझे पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ और 27 मई को आरा संसदीय क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ मात्र एक घंटे रहने का मौका मिला। 44-45 डिग्री तापमान था और मंच पर बैठना भी असहनीय हो रहा था।

सच में, इस भीषण गर्मी ने दैनिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जलवायु परिवर्तन के कारण भारत में लू की घटनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं। यह अब लगभग पूरे देश में महसूस होने लगा है। उत्तर भारत में जहाँ कुछ क्षेत्रों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया, यह इसका एक हालिया उदाहरण है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

आजकल जब सूरज देवता आग उगल रहे हैं, तब नौतपा शब्द बहुत सुनने में आ रहा है। कुछ लोगों को यह शब्द नया लग रहा है। हालांकि यह बात नहीं है। नौतपा वो नौ दिन होते हैं जब देश में गर्मी अपने चरम पर होती है। इसे ‘नवताप’ भी कहा जाता है। ये दिन साल के सबसे गर्म दिन भी होते हैं। 2024 में नौतपा 25 मई को शुरू हुआ और 2 जून तक जारी रहेगा। नौतपा के दौरान, सूर्य सीधे मध्य भारत के ऊपर होता है, जिससे पृथ्वी और सूर्य के बीच की दूरी कम हो जाती है। इससे अधिक सीधे और तीव्र सौर विकिरण उत्पन्न होते हैं, जिससे भीषण गर्मी पड़ती है। कुछ क्षेत्रों में, खासकर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और गुजरात में तापमान लगभग 50° सेल्सियस तक पहुँचने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button