Board Exam Form: CBSE बोर्ड फॉर्म भरते समय बरतें सावधानी, स्कूलों को रिकॉर्ड जांचने के सख्त आदेश

Board Exam Form: CBSE ने स्कूलों को छात्रों की डिटेल्स कई स्तरों पर जांचने के निर्देश दिए, अधूरे सुधार आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Board Exam Form: नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सभी संबद्ध स्कूलों को छात्रों के रिकॉर्ड को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने कहा है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट में दर्ज होने वाली जानकारी पूरी तरह सही होनी चाहिए। इसके लिए स्कूलों को रजिस्ट्रेशन से लेकर एडमिट कार्ड जारी होने तक हर चरण में छात्रों के विवरण की जांच करनी होगी।

CBSE के अनुसार, छात्रों का नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सबसे पहले स्कूल के मूल रिकॉर्ड में सही दर्ज होनी चाहिए। इनमें एडमिशन फॉर्म, स्कॉलर रजिस्टर, ट्रांसफर सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बाद में होने वाली अधिकांश समस्याएं शुरुआती स्तर पर हुई गलतियों की वजह से सामने आती हैं।

कई चरणों में मिलेगा सुधार का अवसर

बोर्ड ने बताया कि कक्षा 9वीं में रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रों और अभिभावकों को जानकारी सत्यापित करने का मौका दिया जाता है। इसके बाद भी करेक्शन विंडो उपलब्ध रहती है, जहां आवश्यक सुधार किए जा सकते हैं।

वहीं, कक्षा 10वीं और 12वीं की List of Candidates (LOC) जमा करने से पहले स्कूलों को एक बार फिर पूरा रिकॉर्ड जांचना होगा। इसके अलावा एडमिट कार्ड जारी होने पर भी छात्र, अभिभावक और स्कूल प्रशासन को विवरण की पुष्टि करनी होगी।

9वीं से 12वीं तक कई बार होती है जांच

CBSE ने कहा कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक छात्रों की डेमोग्राफिक जानकारी की कई बार समीक्षा की जाती है। इसके बावजूद रिजल्ट जारी होने के बाद बड़ी संख्या में नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारी में सुधार के आवेदन प्राप्त होते हैं।

बोर्ड का कहना है कि कई मामलों में स्कूल अधूरे दस्तावेज भेजते हैं या जरूरी प्रमाणित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराते, जिससे सुधार प्रक्रिया प्रभावित होती है।

अधूरे आवेदन सीधे होंगे खारिज

CBSE ने साफ कर दिया है कि यदि किसी सुधार अनुरोध के साथ आवश्यक दस्तावेज नहीं लगाए गए या रिकॉर्ड अधूरा पाया गया, तो ऐसे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्रों के सभी दस्तावेजों का सत्यापन समय पर पूरा करें और अभिभावकों से भी जानकारी की पुष्टि जरूर कराएं।

बोर्ड ने सभी स्कूलों से रिकॉर्ड की शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

Related Articles

Back to top button