NEET PG 2026: 641 अंकों के साथ बनी AIR-1, NBEMS ने जारी की टॉपर लिस्ट

NEET PG 2026: रिजल्ट के बाद सामने आई टॉपर लिस्ट, जल्द जारी होगा स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की

NEET PG 2026: देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। रिजल्ट के साथ ही मेरिट लिस्ट और टॉप रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों की जानकारी भी सार्वजनिक कर दी गई है।

इस वर्ष ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) प्राप्त करने वाले उम्मीदवार ने 720 में से 641 अंक हासिल किए हैं। वहीं टॉप 20 उम्मीदवारों के स्कोर 614 से 641 अंकों के बीच रहे हैं। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट और रैंक NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

AIR-1 से AIR-5 तक किसने मारी बाजी?

NBEMS की जारी मेरिट लिस्ट के अनुसार, पहले स्थान पर रहे उम्मीदवार ने 641 अंक प्राप्त किए हैं। दूसरी रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवार को 633 अंक मिले हैं, जबकि तीसरे स्थान पर रहे उम्मीदवार ने 626 अंक हासिल किए।

चौथी और पांचवीं रैंक वाले उम्मीदवारों ने 625-625 अंक प्राप्त किए हैं। इससे साफ है कि इस बार टॉप रैंकर्स के बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा।

टॉप 20 में 614 से 641 अंक तक का अंतर

मेरिट लिस्ट के अनुसार, टॉप 20 में शामिल उम्मीदवारों के अंक 614 से 641 के बीच हैं। कई उम्मीदवारों ने समान अंक प्राप्त किए हैं, जिसके कारण रैंकिंग अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर तय की गई।

कैटेगरी-वाइज कटऑफ भी जारी

NBEMS ने विभिन्न श्रेणियों के लिए क्वालिफाइंग कटऑफ भी जारी कर दिया है।

  • जनरल/EWS (50वां पर्सेंटाइल) – 262 अंक
  • जनरल-PwBD (45वां पर्सेंटाइल) – 244 अंक
  • SC/ST/OBC एवं PwBD (40वां पर्सेंटाइल) – 226 अंक

यह कटऑफ काउंसलिंग में शामिल होने की न्यूनतम पात्रता है। अंतिम सीट आवंटन काउंसलिंग और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा।

कब जारी होगा स्कोरकार्ड?

NBEMS के अनुसार, NEET PG 2026 का विस्तृत स्कोरकार्ड और फाइनल आंसर-की 1 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी की जाएगी। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।

गौरतलब है कि परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे गए थे, जिनके लिए अधिकतम 720 अंक निर्धारित थे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए गए, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू की गई थी।

क्या है आगे की प्रक्रिया?

रिजल्ट जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों की नजर PG मेडिकल कोर्सेज में दाखिले के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया पर होगी। काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों की रैंक, कटऑफ और उपलब्ध सीटों के आधार पर कॉलेज और कोर्स आवंटित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button