adevertisment Adevertiisment banner
Trending

हॉकी: भारतीय टीम का अंतरराष्ट्रीय मैच में जबरदस्त प्रदर्शन, जर्मनी पर 6-1 दर्ज की जीत

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यूरोप के चार मैचों के दौरे में शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को पहले मुकाबले में 6-1 से हरा दिया। पीआर श्रीजेश के नेतृत्व वाली भारतीय टीम की ओर से नीलकांत शर्मा (13वें मिनट), विवेक सागर प्रसाद (27वें और 28वें मिनट), ललित कुमार उपाध्याय (41वें मिनट), आकाशदीप सिंह (42वें मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (47वें) ने गोल किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने करीब 12 महीनों के अंतराल के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और जर्मनी पर दबाव बनाया।

भारत को पहले क्वार्टर में 13वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला और मिडफील्डर नीलकांत ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पहला गोल किया। हालांकि, इसके कुछ मिनट बाद ही जर्मनी के फॉरवर्ड खिलाड़ी कोंन्सटांटिन स्टाएब ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में जर्मनी को शुरुआती मिनटों में लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं सके। भारतीय टीम की ओर से विवेक ने 27वें और 28वें मिनट में लगातार दो गोल कर हाफ टाइम तक स्कोर 3-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में एक बार फिर जर्मनी ने छह पेनल्टी कार्नर हासिल किए।

लेकिन श्रीजेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल होने से रोक दिया। इसके बाद भारतीय फॉरवर्ड खिलाड़ी ललित और आकाशदीप ने क्रमश: 41वें और 42वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त को 5-1 कर दिया। इसके बाद हरमनप्रीत ने पेन्लटी कार्नर हासिल कर 47वें मिनट में गोल कर स्कोर 6-1 कर दिया। विश्व की नंबर-4 जर्मनी की टीम निर्धारित समय तक कोई अन्य गोल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत और जर्मनी के बीच दूसरा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button