Delhi- दिल्ली हादसे के बाद अलर्ट मोड में जीडीए, खामियां पाए जाने पर कई बेसमेंट बंद करने के निर्देश
Delhi- दिल्ली में बेसमेंट में छात्राओं की मौत के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए )अलर्ट मोड पर है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने भवनों के बेसमेंट में पार्किंग के स्थान पर अवैधानिक गतिविधियों के नियंत्रण एवं मानक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी जोन में प्रभारी प्रवर्तन, सहायक अभियंता, अवर अभियंता की टीम को विशेष अभियान दल का सदस्य बनाते हुये निर्देश दिये गये कि जिन्हें पूर्व में नोटिस जारी है, उन पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही कर सीलिंग कर दी जाए एवं यदि नोटिस जारी नहीं है तो चिन्हांकन कर तत्काल नोटिस दिया जाये।
बुधवार को प्रवर्तन जोन-1 के क्षेत्रान्तर्गत गठित अभियान दल ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित बचपन स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल के बेसमेन्ट में बच्चों का प्ले एरिया संचालित था। प्लाट संख्या -22, वीवीआईपी एसेट्स में संस्कार स्कूल संचालित है। बेसमेन्ट एरिया में कोचिंग के सम्बन्ध में अवगत कराया गया, जिसको तत्काल बन्द कराये जाने के निर्देश दिये गये। स्कूल प्रबन्धन से बेसमेन्ट एरिया में चल रही गतिविधि को तत्काल बन्द किये जाने तथा परिवर्तन स्कूल के बेसमेन्ट का निरीक्षण किया गया। स्कूल के बेसमेन्ट में संचालित प्ले एरिया म्यूजिक रूम, डान्स रूम, आर्ट स्टूडियो आदि गतिविधि संचालित पायी गयी। स्कूल प्रबन्धन को तत्काल गतिविधियों के संचालन को बन्द किये जाने के निर्देश दिये गये। प्रवर्तन जोन-3 के अन्तर्गत राजनगर आवासीय योजना स्थित व्यवसायिक केन्द्र, आरडीसी में संचालित विभिन्न कोचिंग सेन्टर की बिल्डिंगों का स्थल निरीक्षण किया गया।
जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियन्ता निशान्त कुमार चन्द्र, सुपरवाईजरों की उपस्थिति में किया गया। ऐलन कोचिंग सेन्टर की बिल्डिंग में बेसमेन्ट बन्द पाया गया एवं कोचिंग सेन्टर का संचालन प्रथम, द्वितीय व तृतीय तल पर होना पाया गया। फिटजी कोचिंग सेन्टर की बिल्डिंग के बेसमेन्ट में कुर्सी, मेज, बुक स्टोर व एक कॉन्फरेन्स रूम खाली पाया गया। कॉन्फरेन्स रूम व बेसमेन्ट में रखे सामान को हटाये जाने के निर्देश स्थल पर दिये गये। अन्य कोचिंग सेन्टरों के भवनों के निरीक्षण में पाया गया कि उनका संचालन बेसमेन्ट में नही किया जा रहा है। प्रवर्तन जोन-6 के अन्तर्गत इन्दिरापुरम, वैशाली व कौशाम्बी में निर्मित बेसमेन्टों का निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम अहिंसाखण्ड-1, इन्दिरापुरम में निर्मित एटीएस सोसाइटी के बेसमेन्ट का निरीक्षण किया गया। बेसमेन्ट का उपयोग पार्किंग के लिये किया जा रहा है। इसके बाद इन्दिरापुरम स्थित आदित्य मॉल के बेसमेन्ट का निरीक्षण किया गया। उक्त बेसमेन्ट का प्रयोग भी पार्किंग के रूप में किया जा रहा है। तत्पश्चात् सेन्ट थॉमस स्कूल इन्दिरापुरम के बेसमेन्ट का निरीक्षण किया गया। प्रश्नगत बेसमेन्ट का प्रयोग बच्चों के स्केटिंग करने, टेबल टैनिस खेलने आदि कार्यों में किया जा रहा है, जिसे तत्काल प्रभाव से बन्द करने के निर्देशित किया गया। इसके पश्चात् वैशाली आवासीय योजना में स्थित अर्था ग्रुप हाउसिंग के बेसमेन्ट का निरीक्षण किया गया। उक्त बेसमेन्ट का उपयोग पार्किंग के किया जा रहा है। मौके पर निर्माणकर्ता और विकासकर्ताओं के निर्देश दिये गये कि स्वीकृत मानचित्र के विरू़द्ध व्यवसायिक क्रियाओं का संचालन न किया जाये जिससे भविष्य में किसी भी जान-माल की क्षति की संभावना को दूर किया जा सके।



