adevertisment Adevertiisment banner

Bhopal- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री का जीवन अनुकरणीय: राज्य मंत्री लोधी

Bhopal- संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री का व्यक्तित्व महान है। दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व और विचार पूरे विश्व को शांति और अमन के स्थायित्व की ओर ले जाएंगे। दोनों महापुरुषों का जीवन अनुकरणीय है। अपने व्यक्तिगत हितों को त्याग कर देश और समाज के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने के कारण ही इन्हें युग पुरुष कहा गया है।

राज्य मंत्री लोधी बुधवार शाम यहां रविन्द्र भवन में “एकै राम रहीम भजन संध्या” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व, विचार, संघर्ष और भारत के स्वतंत्र आंदोलन में योगदान का स्मरण कर सभी से महापुरुषों के विचारों और सीख को स्वयं के जीवन में पालन करने का आग्रह किया।

राज्य मंत्री लोधी ने दोनों महापुरुषों को पुष्प अर्पित किए। मंगलदीप प्रज्ज्वलन कर भजन संध्या का शुभारंभ किया। संस्कृति संचालक एन.पी. नामदेव ने भजन संध्या के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। संस्कृति विभाग के स्वराज संचालनालय द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री की जयंती पर भजन संध्या का आयोजन किया गया था।

हर-हर शंभू फेम भुवनेश्वर की गायिका अभिलिप्सा पांडा ने भजन संध्या में भक्ति गीतों और भजन की प्रस्तुति से सभी को भाव विभोर कर दिया। भगवान की आराधना से शुरू हुई गीतों की श्रंखला में भोला सबको देता है, छोड़ दे चिंता, बम भोले बम, हर हर शंभू, नव-दुर्गे नमो नमः जैसे भजन गाकर ईश्वर विषयक भक्ति का भाव जगाया।

Related Articles

Back to top button