adevertisment Adevertiisment banner

PM मोदी ने पालम एयरपोर्ट पर किया UAE के राष्ट्रपति का स्वागत, व्यापार और ऊर्जा पर अहम बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान का स्वागत किया। व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा पर अहम वार्ता।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान सोमवार, 19 जनवरी 2026 को भारत की आधिकारिक यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने पालम एयरपोर्ट पर स्वयं पहुंचकर राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दौरा करीब दो घंटे का है, लेकिन इसे भारत-UAE संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

राष्ट्रपति बनने के बाद तीसरी भारत यात्रा

UAE के राष्ट्रपति बनने के बाद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान की यह तीसरी भारत यात्रा है, जबकि पिछले एक दशक में यह उनका पांचवां भारत दौरा है। यह यात्रा भारत और UAE के बीच लगातार मजबूत हो रहे रणनीतिक रिश्तों में एक और मील का पत्थर मानी जा रही है।

व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा

इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शेख मोहम्मद के बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा जैसे प्रमुख मुद्दों पर उच्चस्तरीय बातचीत होनी है। दोनों नेता दीर्घकालिक तेल आपूर्ति, अक्षय ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर विचार करेंगे।

रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया मोमेंटम

भारत-UAE संबंध हाल के वर्षों में तेजी से आगे बढ़े हैं। सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद और अप्रैल 2025 में दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की भारत यात्रा ने इस साझेदारी को नई दिशा दी थी। शेख मोहम्मद बिन जायद की यह यात्रा उसी निरंतरता का हिस्सा है।

आर्थिक सहयोग और निवेश में मजबूती

भारत और UAE एक-दूसरे के शीर्ष व्यापारिक और निवेश साझेदार हैं। व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA), स्थानीय मुद्रा निपटान प्रणाली (LCS) और द्विपक्षीय निवेश संधि के चलते दोनों देशों के बीच व्यापार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। UAE भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) का भी बड़ा स्रोत है।

Related Articles

Back to top button