adevertisment Adevertiisment banner

UP News : ‘मेरठ की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी नए मानक स्थापित करेगी’, बोले मुख्यमंत्री योगी

UP News : मेरठ में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी प्रदेश में नए मानक स्थापित करेगी। सीएम योगी ने कहा, फेज-1 और फेज-2 का कार्य 31 मई 2026 तक पूरा होगा।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मेरठ के सरधना क्षेत्र में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी प्रदेश में खेल अवसंरचना और खेल संस्कृति के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य इस संस्थान को एक विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण मेरठ में होना राज्य के लिए गौरव का विषय है। यूनिवर्सिटी का लोगो, फ्लैग और यूनिफॉर्म लॉन्च की जा चुकी है। यह संस्थान युवाओं को खेलों के क्षेत्र में एक नया प्लेटफॉर्म देगा और प्रशिक्षण, शिक्षा व शोध के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगा।

सरधना क्षेत्र में गंग नहर के किनारे लगभग 100 एकड़ में आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में 250 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है, जबकि दूसरे चरण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि फेज-1 और फेज-2 का कार्य 31 मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका

उन्होंने जानकारी दी कि अगस्त 2025 से यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और फिलहाल कक्षाएं सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में संचालित हो रही हैं। नए शैक्षणिक सत्र से यूनिवर्सिटी अपने स्वयं के कैंपस में कार्य करना शुरू करेगी। यहां 12 खेलों में डिप्लोमा, डिग्री, पोस्ट ग्रेजुएशन और शोध पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली फैकल्टी और पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में जोड़कर इसे वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button