Business Updates: वडोदरा से उड़ान भरेगा पहला मेड-इन-इंडिया C295, समय पर भुगतान से UN में चमका भारत
Business Updates: भारत की रक्षा और वैश्विक मंच पर बढ़ती भूमिका से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल की दूसरी छमाही में गुजरात के वडोदरा स्थित टाटा-एयरबस असेंबली लाइन से तैयार पहले स्वदेशी सैन्य परिवहन विमान C295 की डिलीवरी समारोह में शामिल हो सकते हैं। सिंगापुर एयरशो के दौरान एयरबस के प्रेसिडेंट (इंटरनेशनल) वाउटर वैन वर्श ने इसकी जानकारी दी।
C295 वडोदरा असेंबली लाइन से तैयार होने वाला पहला ‘मेड इन इंडिया’ सैन्य विमान होगा, जिसे टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस के संयुक्त उद्यम के तहत बनाया जा रहा है। विमान में इस्तेमाल होने वाले लगभग 70 प्रतिशत पुर्जे भारत में ही तैयार किए गए हैं, जबकि इंजन समेत करीब 30 प्रतिशत हिस्से विदेश से आयात किए गए हैं। यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ पहल के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं, भारत ने संयुक्त राष्ट्र के 2026 के नियमित बजट के लिए 35.18 मिलियन अमेरिकी डॉलर का पूरा भुगतान समय पर कर दिया है। इसके साथ ही भारत उन 47 देशों के ‘ऑनर रोल’ में शामिल हो गया है, जिन्होंने तय समयसीमा के भीतर अपनी वित्तीय जिम्मेदारी पूरी की। यूएन प्रवक्ता स्टेफान डुजारिक ने भी प्रेस ब्रीफिंग में भारत की समय पर भुगतान करने की भूमिका का उल्लेख किया।
इधर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि अमेरिका में महंगाई का दबाव 2026 तक धीरे-धीरे कम हो सकता है। कमजोर श्रम बाजार, वास्तविक आय में ठहराव और आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती जैसे संकेतों के चलते यूएस फेडरल रिजर्व को आने वाले समय में ब्याज दरों में कटौती करनी पड़ सकती है।
Written By: Kalpana Pandey



