Project Ganga: यूपी में 20 लाख घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन और OIL के बीच होगा एमओयू

Project Ganga: उत्तर प्रदेश में ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत 20 लाख घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने की तैयारी है। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन और वनओटीटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड के बीच एमओयू होगा। इससे 8–10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाता तैयार होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे।

Project Ganga: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डिजिटल विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत राज्य में ब्रॉडबैंड नेटवर्क के विस्तार के लिए सोमवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश और वनओटीटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड (OIL) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

लखनऊ के होटल रेनेसां में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में तेज और सुलभ इंटरनेट उपलब्ध कराना है।

गांवों में तेज इंटरनेट पहुंचाने की योजना

‘प्रोजेक्ट गंगा’ के जरिए प्रदेश के गांवों और छोटे कस्बों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर लगभग 8,000 से 10,000 स्थानीय उद्यमियों को डिजिटल सेवा प्रदाता (DSP) के रूप में विकसित किया जाएगा।

ये उद्यमी अपने क्षेत्रों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्ध कराएंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट की पहुंच तेज और सुलभ होगी। इससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

महिला उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मौका

इस परियोजना की खास बात यह है कि डिजिटल सेवा प्रदाताओं में करीब 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और महिलाएं डिजिटल सेवाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। यह पहल गांवों में नारी शक्ति को तकनीक और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

20 लाख घरों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड

‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत अगले 2 से 3 वर्षों में प्रदेश के 20 लाख से अधिक घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इससे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं मजबूत होंगी और ऑनलाइन शिक्षा, ई-गवर्नेंस, टेलीमेडिसिन और डिजिटल सेवाओं को भी गति मिलेगी।

डिजिटल यूपी के विजन को मिलेगा बल

परियोजना के अंतर्गत चुने गए डिजिटल सेवा प्रदाताओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, नेटवर्क निर्माण और आधुनिक तकनीक से जुड़ी सहायता प्रदान की जाएगी।

सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश में डिजिटल नेटवर्क का मजबूत ढांचा तैयार होगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘डिजिटल उत्तर प्रदेश’ के विजन को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में ये लोग रहेंगे मौजूद

इस अवसर पर स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह, हिंदुजा ग्रुप के प्रतिनिधि और परियोजना से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में ‘प्रोजेक्ट गंगा’ की रूपरेखा और इसके संभावित प्रभावों पर भी चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button