राज्य। ओडिशा में दिल दहला देने वाली वारदात, 7 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या

राज्य। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां सात साल की एक बच्ची की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बन गया है।

जानकारी के मुताबिक, दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची अपने चाचा के घर रह रही थी, क्योंकि उसके पिता काम के सिलसिले में राज्य से बाहर थे। घटना वाले दिन बच्ची घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच तेज कर दी और विशेष टीमों का गठन किया गया। तलाशी अभियान और पूछताछ के दौरान पुलिस का शक गांव के ही एक युवक पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।

Also Read: Women Health: सुप्रीम कोर्ट द्वारा पीरियड्स लीव पर सुनवाई से इनकार,जानें दुनिया में कहां-कहां मिलती है पीरियड्स लीव

पुलिस के अनुसार आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी ने शव को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक पत्थर की खदान में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button