IPL 2026: बैसाखी के सहारे दिखे हर्षित राणा, फैंस पूछ रहे – IPL 2026 में खेल पाएंगे या नहीं?
IPL 2026: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की चिंताएं बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा हाल ही में एक कार्यक्रम में बैसाखी के सहारे चलते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो ने फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच चर्चा तेज कर दी है कि क्या वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।
दरअसल, हर्षित पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे हैं। टी20 विश्व कप 2026 के दौरान भी उन्हें चोट के कारण टीम से बाहर होना पड़ा था। उनकी जगह तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया था। अब आईपीएल से पहले उनकी मौजूदा स्थिति ने केकेआर के टीम संयोजन पर असर डालने की आशंका बढ़ा दी है।
हाल ही में आयोजित एक अवॉर्ड समारोह में हर्षित बैसाखी के सहारे पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह मंच तक खुद नहीं जा सके और उन्हें वहीं सम्मानित किया गया। इस घटना के बाद उनकी फिटनेस को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि फ्रेंचाइजी या टीम मैनेजमेंट की ओर से अभी तक उनकी उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
केकेआर के लिए यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि टीम पहले ही अपने गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव कर चुकी है। एक विदेशी तेज गेंदबाज को रिलीज करने के बाद नए खिलाड़ी को शामिल किया गया है, ऐसे में अगर हर्षित पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो टीम को अतिरिक्त रणनीति बनानी पड़ सकती है।
Also Read: Tourism Industry: मिडिल ईस्ट तनाव का असर कश्मीर पर्यटन पर, खाली पड़े हाउसबोट और होटल
हर्षित राणा ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 34 मुकाबले खेले हैं और 40 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में उनका फिट रहना टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजरें उनकी रिकवरी और टीम के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।
Written By: Kalpana Pandey



