Hotel Management: 5 स्टार होटल में शेफ बनने का सपना – जानें कोर्स, करियर ग्रोथ और शुरुआती सैलरी
Hotel Management: होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के तेजी से विस्तार के साथ प्रोफेशनल शेफ की मांग लगातार बढ़ रही है। शेफ का काम केवल स्वादिष्ट खाना बनाना ही नहीं होता, बल्कि किचन की पूरी व्यवस्था संभालना, मेनू तैयार करना, फूड क्वालिटी बनाए रखना और टीम को मैनेज करना भी उसकी अहम जिम्मेदारी होती है।
कौन-कौन से कोर्स से बन सकते हैं शेफ
5 स्टार होटल में शेफ बनने के लिए प्रोफेशनल पढ़ाई जरूरी मानी जाती है। इसके लिए होटल मैनेजमेंट में बीएससी, कैटरिंग साइंस, फूड प्रोडक्शन एंड पैटिसरी, डिप्लोमा इन कलनरी आर्ट्स या बीए इन कलनरी आर्ट्स जैसे कोर्स किए जा सकते हैं। इन कोर्स की अवधि 6 महीने से लेकर 3–4 साल तक होती है।
भारत के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थान
देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करने पर करियर के बेहतर अवसर मिलते हैं। इनमें IHM पूसा (नई दिल्ली), GIHM देहरादून, GIHMCT नागपुर, डॉ. अंबेडकर IHM चंडीगढ़ और IHM जयपुर प्रमुख माने जाते हैं। इन संस्थानों में प्रवेश के लिए एंट्रेंस परीक्षा पास करनी होती है।
ट्रेनिंग और करियर ग्रोथ कैसे मिलती है
कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को होटल में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे उन्हें किचन में काम करने का वास्तविक अनुभव मिलता है। शुरुआत आमतौर पर कमिस शेफ या जूनियर शेफ के पद से होती है। अनुभव और स्किल बढ़ने के साथ सीनियर शेफ और हेड शेफ जैसे पदों तक पहुंचा जा सकता है।
Also Read: IPL 2026: बैसाखी के सहारे दिखे हर्षित राणा, फैंस पूछ रहे – IPL 2026 में खेल पाएंगे या नहीं?
शुरुआत में कितनी मिलती है सैलरी
नए शेफ को करियर की शुरुआत में करीब 20 हजार से 40 हजार रुपये प्रति माह तक वेतन मिल सकता है। अनुभव बढ़ने के साथ सैलरी तेजी से बढ़ती है और बड़े 5 स्टार होटलों में अनुभवी शेफ लाखों रुपये महीने तक कमा सकते हैं। कुछ मामलों में सालाना पैकेज 30–40 लाख रुपये तक भी पहुंच सकता है।
Written By: Kalpana Pandey



