Mau News-दोहारीघाट में शांति पूर्ण माहौल में अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज, प्रशासन रहा मुस्तैद
Mau News-रमजान का पवित्र महीना पूरा होने के बाद शनिवार को थाना क्षेत्र के दोहरीघाट में ईद-उल-फितर का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों ने शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
शनिवार को पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईद के मौके पर थाना क्षेत्र के लगभग 12 मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा करने वाले लोगों की भारी भीड़ रही। दोहरीघाट कस्बा, गोठा, सूरजपुर सहित अन्य गांवों और कस्बों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर सभी स्थानों पर नमाज अदा की गई और लोगों ने देश व समाज में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाइयां दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का परिचय दिया। बच्चों और युवाओं में ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
नमाज के दौरान प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
ईद के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। सभी ईदगाहों और मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
दोहारीघाट और गोठा में मस्जिदों के बाहर नमाज के दौरान थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। वहीं पूरे क्षेत्र में ईद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Read Also-Mau News-दोहारीघाट में शांति पूर्ण माहौल में अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज, प्रशासन रहा मुस्तैद



