कौशांबी हादसा: UP के कौशांबी में दर्दनाक टक्कर, पिकअप-ट्राला भिड़ंत में 7 की जान गई
कौशांबी हादसा: कौशांबी में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यह हादसा डोरमा पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े ट्राला में पीछे से आ रही पिकअप तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु Fatehpur जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले थे और रामनवमी के अवसर पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद लौटते समय शुक्रवार दोपहर करीब पौने चार बजे यह हादसा हो गया।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों की चीखें सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं, जिनकी मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
Also Read: अफवाहों से बढ़ी भीड़: यूपी में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, प्रशासन ने कहा-पर्याप्त है तेल
इस हादसे में सात लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर धीरे-धीरे सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Written By: Kalpana Pandey



