Election Commission Action: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन, 12 पुलिस अधिकारियों के तबादले से प्रशासनिक हलचल तेज
कोलकाता पुलिस और राज्य पुलिस में कई वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इस फैसले को आगामी चुनावों को देखते हुए प्रशासनिक सख्ती और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के रूप में देखा जा रहा है।
Election Commission Action: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावी माहौल के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए राज्य पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। आयोग ने कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के कुल 12 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, इस तबादले में कई अहम पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सीआईडी डीआईजी सोमा दास मित्रा को अब कोलकाता पुलिस में संयुक्त आयुक्त (अपराध) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं डीआईजी (कार्मिक) सुदीप सरकार को संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा विशेष कार्य बल की डीआईजी देबास्मिता दास को कोलकाता पुलिस में संयुक्त आयुक्त (खुफिया) के पद पर तैनात किया गया है। आयोग ने कोलकाता पुलिस के कई डिवीजनों—उत्तर, दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व—के उपायुक्तों को भी उनके पदों से हटा दिया है और नई तैनातियां की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, वीएसआर अनंतनाग को उपायुक्त (दक्षिण) और प्रदीप कुमार यादव को उपायुक्त (उत्तर) नियुक्त किया गया है। वहीं सैकत घोष को भंगार डिवीजन से स्थानांतरित कर दक्षिण-पूर्व डिवीजन का डीसी बनाया गया है।
Also Read: घोसी, मऊ। एसडीएम अशोक कुमार सिंह का सख्त रुख, फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश
इसके अतिरिक्त एंटी-टेररिस्ट फोर्स के एसपी प्रशांत चौधरी को कोलकाता पुलिस में डीसी (पूर्व) के पद पर नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग ने राज्य के कई अन्य पुलिस जिलों और आयुक्तालयों में भी बड़े स्तर पर तबादले किए हैं।
चुनाव आयोग के इस कदम को चुनावी तैयारियों के तहत प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्य की कानून व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
Written By: Kalpana Pandey



