Tech Jobs India: फेसबुक में जॉब पाने के लिए जानें जरूरी स्किल्स, इंटरव्यू प्रोसेस और शुरुआती पैकेज
Meta (जिसके प्लेटफॉर्म Facebook और Instagram हैं) दुनिया की टॉप टेक कंपनियों में गिनी जाती है। यहां काम करने का मतलब है हाई सैलरी, इंटरनेशनल एक्सपोजर और तेजी से करियर ग्रोथ।
Tech Jobs India: आज के समय में Meta जैसी ग्लोबल टेक कंपनी में काम करना सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि करियर का बड़ा ब्रेक माना जाता है। Facebook और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ काम करने का मौका, हाई पैकेज और इंटरनेशनल एक्सपोजर इसे युवाओं के लिए ड्रीम जॉब बनाता है। फेसबुक में कई तरह के प्रोफाइल्स उपलब्ध होते हैं। टेक फील्ड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, सिस्टम इंजीनियर और प्रोडक्ट मैनेजर जैसे रोल्स ज्यादा डिमांड में रहते हैं। वहीं, नॉन-टेक रोल्स में ऑपरेशंस, मार्केटिंग और मैनेजमेंट से जुड़े अवसर भी मिलते हैं।
फ्रेशर्स को कितनी मिलती है सैलरी?
यहां सैलरी काफी आकर्षक होती है और जॉब रोल व स्किल्स के हिसाब से बदलती है। भारत में एक फ्रेशर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को करीब 50 से 80 लाख रुपये सालाना तक पैकेज मिल सकता है। अन्य प्रोफाइल्स में यह 15 से 25 लाख रुपये के बीच रहता है। इसके अलावा बोनस और कंपनी के शेयर भी सैलरी का हिस्सा होते हैं।
नौकरी के लिए कैसे करें अप्लाई?
फेसबुक में जॉब पाने के लिए उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बड़े कॉलेजों में होने वाले कैंपस प्लेसमेंट के जरिए भी सीधा मौका मिल सकता है।
कैसी होती है भर्ती प्रक्रिया?
सेलेक्शन प्रोसेस कई चरणों में पूरी होती है। सबसे पहले रिज्यूमे के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग होती है। इसके बाद फोन या वीडियो इंटरव्यू लिया जाता है। सफल होने पर 4-6 टेक्निकल राउंड होते हैं, जिनमें कोडिंग, सिस्टम डिजाइन और बिहेवियर से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। अंत में प्रदर्शन के आधार पर जॉब ऑफर दिया जाता है।
कौन-सी स्किल्स हैं जरूरी?
फेसबुक में चयन के लिए कोडिंग, डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, प्रॉब्लम सॉल्विंग और कम्युनिकेशन स्किल्स बेहद अहम होती हैं। इसके साथ ही प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स और इंटर्नशिप का अनुभव भी मददगार साबित होता है।
फेसबुक में नौकरी पाना आसान नहीं, लेकिन सही रणनीति, मेहनत और स्किल्स के दम पर यह सपना पूरा किया जा सकता है। जो युवा टेक फील्ड में बड़ा मुकाम हासिल करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है।
Written By: Kalpana Pandey



