Entertainment Updates: ‘रामायणम्’ की सीता का बड़ा बयान, ‘एक दिन’ में अपनी कास्टिंग पर उठाए सवाल
‘एक दिन’ की असफलता के बाद साई पल्लवी ने खुद पर उठाए सवाल, जुनैद खान बोले- आप शानदार थीं
Entertainment Updates: साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी ने बॉलीवुड में फिल्म एक दिन से डेब्यू किया, लेकिन उनकी पहली हिंदी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी। अब फिल्म के फ्लॉप होने के बाद साई पल्लवी का एक बयान तेजी से चर्चा में है, जिसमें उन्होंने खुद माना कि शायद इस फिल्म में उनकी कास्टिंग सही नहीं थी।
फिल्म में उनके साथ जुनैद खान मुख्य भूमिका में नजर आए। यह फिल्म आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी थी और रिलीज के बाद कमजोर कमाई और मिले-जुले रिव्यूज के कारण चर्चा में रही।
“मुझे लगा मैं इस रोल के लिए बनी ही नहीं थी”
फिल्म के प्रमोशन के दौरान यूट्यूब चैनल “आमिर खान टॉकीज” पर बातचीत में साई पल्लवी ने खुलकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें लगा कि शायद उनकी कास्टिंग गलत हुई थी।
साई पल्लवी ने कहा,
“मुझे लगता है कि कुछ सीन्स में मैं जरूरत से ज्यादा गंभीर हो गई थी। मुझे लगा कि शायद मैं इस किरदार के लिए बनी ही नहीं थी।”
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पहली बार आमिर खान के साथ फिल्म देखी तो वह कुछ देर तक चुप रहीं। बाद में उन्होंने आमिर से कहा कि यह रोल किसी ऐसी नई अभिनेत्री को मिलना चाहिए था जिसमें ज्यादा चंचलता और हल्कापन हो।
जुनैद खान ने किया बचाव
हालांकि जुनैद खान ने साई पल्लवी की बात से असहमति जताई और उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने फिल्म बिना बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन के देखी थी और उस दौरान भी साई का अभिनय बेहद प्रभावशाली लगा।
जुनैद ने कहा,
“मुझे नहीं लगता कि मैंने किसी को शराबी का किरदार इतनी खूबसूरती से निभाते देखा है, और आप तो शराब पीती भी नहीं हैं।”
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भी साई पल्लवी के समर्थन में उतर आए हैं।
‘रामायणम्’ में बनेंगी सीता
बॉलीवुड डेब्यू भले ही सफल न रहा हो, लेकिन साई पल्लवी जल्द ही रामायणम् में सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर मुख्य भूमिका निभाएंगे। इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है।
बॉक्स ऑफिस पर फीकी रही ‘एक दिन’
निर्देशक सुनील पांडे की फिल्म ‘एक दिन’ 2016 की थाई फिल्म ‘वन डे’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी सहकर्मी से प्यार करता है लेकिन अपने दिल की बात कह नहीं पाता।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने सात दिनों में दुनियाभर में करीब 5.16 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसमें भारत से 4.71 करोड़ रुपये और ओवरसीज से करीब 45 लाख रुपये का कलेक्शन शामिल है। कमजोर प्रदर्शन के चलते फिल्म को फ्लॉप माना जा रहा है।
Written By: Anushri Yadav



