West Bengal News: अग्निमित्रा पाल का टीएमसी पर बड़ा हमला, बोलीं- भ्रष्टाचार करने वालों पर होगी कार्रवाई

पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री और आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पाल ने मोहिशिला इलाके में धन्यवाद रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने पूर्व टीएमसी सरकार, भ्रष्टाचार और विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला।

रैली के दौरान उन्होंने कहा कि जनता को धोखा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।

टीएमसी नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि कई टीएमसी नेताओं ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि अब एक-एक मामले की जांच हो रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित टीएमसी कार्यालय में कथित छापेमारी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक वहां मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

‘मां कैंटीन’ विवाद पर दिया जवाब

मीडिया से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने ‘मां कैंटीन’ में मछली-भात को लेकर उठे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार किसी धर्म के खिलाफ नहीं है।

उन्होंने साफ कहा कि यह कैंटीन सभी धर्मों के लोगों के लिए है और यहां पहले की तरह मछली-भात मिलता रहेगा।

विपक्षी नेताओं पर कसा तंज

रैली के दौरान अग्निमित्रा पाल ने विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई नेता अब “चूहे के बिल में घुस गए हैं”।

उन्होंने यह भी कहा कि फिल्मी डायलॉग राजनीति में काम नहीं आते, जनता का फैसला सबसे बड़ा होता है।

वायरल वीडियो पर भी बोलीं

हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘फाइल चोर’ गाने पर डांस करते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अभी लोग नाच रहे हैं, आगे भ्रष्टाचार करने वालों को जवाब भी मिलेगा।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला और कहा कि बंगाल की जनता सब देख रही है।

पेट्रोल कीमतों पर कही ये बात

ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से कुछ समय तक सहयोग करने की अपील की।

साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की अपील का भी समर्थन किया।

जनता हमारी पहली प्राथमिकता

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सरकार जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं देना चाहती। उन्होंने सड़क जाम, तेज आवाज वाले माइक और अन्य समस्याओं पर सख्त रुख अपनाने की बात कही।

उनके मुताबिक जनता की सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

वंदे मातरम् विवाद पर भी रखी राय

वंदे मातरम् विवाद पर बोलते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भारत देश सभी नागरिकों के लिए मां के समान है। उन्होंने कहा कि देश के कानून और सम्मान का पालन हर नागरिक को करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button