Bollywood News: सोमी अली ने ‘काला हिरण’ निर्माताओं का किया समर्थन

Bollywood News: Somy Ali supports the makers of 'Kaala Buck'

Bollywood News:फिल्म निर्माता अमित जानी की आगामी फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म को अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताया जा रहा है। इसी को लेकर सलमान खान की कानूनी टीम ने हाल ही में फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और फिल्म से जुड़ी सामग्री हटाने की मांग की थी।

इस बीच अमित जानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। वीडियो में वह सलमान खान की कानूनी टीम द्वारा भेजे गए नोटिस को फाड़ते नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह किसी भी परिस्थिति में फिल्म का निर्माण बंद नहीं करेंगे। निर्माता का कहना है कि उनकी फिल्म का सलमान खान के मामले से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।

विवाद के बीच सलमान खान की पूर्व प्रेमिका और अभिनेत्री सोमी अली ने अमित जानी का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी भी फिल्म निर्माता को किसी भी विषय पर फिल्म बनाने का अधिकार है। सोमी ने यह भी कहा कि केवल दोषी लोग ही सच्चाई से बचने की कोशिश करते हैं और धमकियों का सहारा लेते हैं। उनके इस बयान के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

उधर, सलमान खान की कानूनी टीम ने फिल्म निर्माताओं से लिखित माफी मांगने और फिल्म से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने की मांग की है। टीम ने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं निर्माता अपने दावे पर कायम हैं और फिल्म निर्माण जारी रखने की बात कह रहे हैं। ऐसे में ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद और कानूनी टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।

Read Also-Bollywood News: ‘बेबी डू डाई डू’ में दिखेगा हुमा कुरैशी का एक्शन अवतार

Related Articles

Back to top button