Kushinagar News: कृषकों और ग्रामीणों को आर्थिक मजबूती देने की पहल, सेंट्रल बैंक ने कृषि ऋण कैंप में ₹35 करोड़ के ऋण प्रस्तावों की कैनवसिंग की
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कृषि ऋण आउटरीच कैंप में किसानों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी
Kushinagar News: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र द्वारा देशव्यापी कृषि ऋण आउटरीच अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिला पंचायत सभागार में भव्य कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं बैंक ग्राहकों ने भाग लिया।
कैंप का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ते हुए वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम के दौरान लगभग 35 करोड़ के ऋण एवं संभावित ऋण प्रस्तावों की कैनवसिंग की गई, जो क्षेत्र में कृषि, स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव (आईएएस) उपस्थित रहीं। उनके साथ उप निदेशक कृषि अतींद्र सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम फैसल आलम, डीडीएम नाबार्ड राहुल वी. यादव, क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक गौरव कुमार राय एवं चंद्रिका प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों और बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कैंप में बैंक द्वारा कई सहायता एवं परामर्श काउंटर स्थापित किए गए, जहां लाभार्थियों को “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान, री-केवाईसी एवं सी-केवाईसी, यूआरसी पंजीकरण, ऑनलाइन खाता खोलने की सुविधा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, किसान ऋण और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
क्षेत्रीय प्रमुख विभोर अग्रवाल ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैंक सरल, सुलभ और त्वरित ऋण सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का कार्य कर रहा है।
वहीं वरिष्ठ प्रबंधक अमन ने उपस्थित प्रतिभागियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा वित्तीय सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया
Kushinagar News: इन–स्पेस कंप्टीशन 2024-25 कि तैयारी पूरा सुबह 7 बजे लांच होंगे 10 कैनसैट
कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता एवं समावेशन को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।
यह कृषि ऋण आउटरीच कैंप न केवल किसानों और ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में सफल रहा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Written By: Ekta Verma



