adevertisment Adevertiisment banner

UP Politics: मऊ के कल्यानपुर में इंदिरा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश; प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ मामला

कल्यानपुर में इंदिरा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रशासन और NHAI ने पुनर्स्थापना का दिया आश्वासन

UP Politics: +जनपद के घोसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्यानपुर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। प्रतिमा को तोड़कर गड्ढे में फेंके जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताई तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राज मंगल यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी तत्काल सक्रिय हो गया। मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) घोसी अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ) घोसी जितेंद्र सिंह तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मामले को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और एनएचएआई प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अपमान बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के विकास और राष्ट्रीय एकता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली नेता की प्रतिमा के साथ इस प्रकार की घटना जनभावनाओं को आहत करने वाली है।

वार्ता के दौरान एनएचएआई अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इंदिरा गांधी की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। प्रशासन ने भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई और प्रदर्शनकारी शांत हुए।

कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष इंतखाब आलम, विधि प्रकोष्ठ के एडवोकेट अरविंद सिंह, प्रिंट मीडिया प्रभारी एडवोकेट सतीश कुमार पांडेय तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख घोसी जय हिंद यादव ने संयुक्त रूप से घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

UP Politics: प्रतापगढ़ पहुंचे प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इस दौरान मनोज गिहार, प्रेमशिला, चंपा राजभर, शाहिद फारूकी, अमरनाथ योगी, फहद कादिर, महेंद्र सोनकर, मसूद अख्तर, शिवाजी कनौजिया, सहजानंद राय, हरेंद्र यादव, सुरेश राजभर, मोतीराम, सतीराम यादव, ऋषिकेश, अरविंद यादव, राजेश यादव और ऋषिदेव रामदरस समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button