Sports News-विराट की कमी जरूर खलेगी, लेकिन युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका : मोर्ने मोर्कल
Sports News – Virat's absence will certainly be felt, but it is a big opportunity for young players: Morne Morkel.
Sports News-भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी का टीम में नहीं होना निश्चित रूप से महसूस होता है, लेकिन इससे अन्य खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर भी मिलेगा।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने कहा कि विराट कोहली मध्यक्रम की रीढ़ हैं और अपने अनुभव से टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। ऐसे खिलाड़ी की अनुपस्थिति टीम को खलती है, लेकिन भारतीय टीम में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अन्य बल्लेबाजों के पास अपनी क्षमता दिखाने का अच्छा मौका रहेगा।
जसप्रीत बुमराह को लेकर पूछे गए सवाल पर मोर्कल ने कहा कि आगामी विश्व कप और दक्षिण अफ्रीका दौरे को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन अधिक से अधिक विकल्प तैयार रखना चाहता है। इसी सोच के तहत युवा खिलाड़ियों गुरनूर और प्रिंस को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी मिले अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे।
हार्दिक पांड्या की भूमिका पर मोर्कल ने कहा कि हार्दिक टीम के सबसे महत्वपूर्ण ऑलराउंडरों में से एक हैं। वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन प्रदान करते हैं और उनके जैसे खिलाड़ी का विकल्प तलाशना आसान नहीं है। हालांकि, टीम में मौजूद युवा खिलाड़ियों को भी मौके देने जरूरी हैं ताकि वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों को समझ सकें और अपने खेल में और निखार ला सकें।
उन्होंने कहा कि विराट कोहली के वन-डाउन स्थान पर ईशान किशन, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल सहित अन्य बल्लेबाजों के पास अपनी उपयोगिता साबित करने के पर्याप्त अवसर होंगे। अफगानिस्तान द्वारा हाल ही में दक्षिण अफ्रीका को हराने को लेकर पूछे गए सवाल पर मोर्कल ने कहा कि अफगान टीम लगातार प्रगति कर रही है और उसके खिलाड़ी उच्च स्तर का क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाड़ी रेड-बॉल क्रिकेट भी खेल रहे हैं, जिससे उनके खेल में परिपक्वता और मजबूती आई है। इसलिए भारतीय टीम विपक्षी को किसी भी तरह से हल्के में नहीं ले रही है।
धर्मशाला के मौसम और बारिश की संभावना पर उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यहां बारिश हुई है और मैच के दिन भी मौसम को लेकर अनुमान लगाए जा रहे हैं। हालांकि मौसम किसी के नियंत्रण में नहीं होता। ऐसे में टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों परिस्थितियों के लिए पूरी तरह तैयार है।
Read Also-Bollywood News-‘सच्चाई के करीब रहने वाली कहानियां ही दर्शकों से जुड़ती हैं’ : मनोज बाजपेयी



